शाहपुरा जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

Update: 2026-04-10 11:55 GMT

शाहपुरा (हलचल)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और नगर कांग्रेस कमेटी शाहपुरा ने क्षेत्र की चिकित्सा व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस पदाधिकारियों ने उपखंड अधिकारी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर शाहपुरा जिला अस्पताल में रिक्त पड़े डॉक्टरों के पदों को भरने की पुरजोर मांग की।

विशेषज्ञों के अभाव में भटक रहे मरीज

ज्ञापन में बताया गया कि जिला चिकित्सालय में लंबे समय से जनरल फिजिशियन और सोनोग्राफी मशीन के संचालन के लिए रेडियोलॉजिस्ट की कमी बनी हुई है। इस रिक्तता के कारण विशेषकर वृद्ध पेंशनधारकों, निर्धन वर्ग और ग्रामीण अंचलों से आने वाले मरीजों को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। उचित उपचार और समय पर दवाएं न मिलने के कारण मरीजों को मजबूरन 50 किलोमीटर दूर अन्य शहरों में जाना पड़ रहा है, जिससे उनकी आर्थिक और शारीरिक स्थिति पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।

10 दिन का अल्टीमेटम, वरना होगा उग्र आंदोलन

कांग्रेस कमेटी ने सरकार से मांग की है कि आमजन के स्वास्थ्य हितों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही विशेषज्ञों की नियुक्ति की जाए। संगठन ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आगामी 10 दिनों के भीतर अस्पताल में डॉक्टरों की पदस्थापना नहीं की गई, तो ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी जनहित में उग्र आंदोलन का मार्ग अपनाएगी। इस दौरान होने वाली किसी भी अप्रिय स्थिति या अव्यवस्था की समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन में ये रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपते समय ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महावीर कुमावत, नगर अध्यक्ष रमेश सेन, वरिष्ठ नेता रामेश्वर सोलंकी, भीम वैष्णव, लादू राम खटीक, अजय मेहता, रामप्रसाद धाकड़, अर्जुन सिंह राणावत, सुनील मिश्रा, प्रदेश सचिव चिकित्सा प्रकोष्ठ अतुल त्रिपाठी, सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष जयंत जीनगर, यूथ कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष रामसिंह मीणा, यूथ कांग्रेस नगर अध्यक्ष अमन पौंड्रिक, मंडल अध्यक्ष हनुमान वैष्णव, भेरू लाल खटीक फौजी, धनराज जीनगर सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Similar News