गोली लगने से हेड कांस्टेबल की मौत, मचा हड़कंप

By :  prem kumar
Update: 2024-10-14 12:41 GMT

भरतपुर में राजस्थान आर्म्ड कांस्टेबुलरी (RAC) के मुख्यालय में तैनात हेड कांस्टेबल दिगम्बर सिंह द्वारा खुद को गोली मारने का मामला सामने आया है। घटना के बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए आरबीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान हेड कांस्टेबल ने दम तोड़ दिया। बता दें घटना सोमवार को भरतपुर शहर के मथुरा गेट इलाके में 7वीं आरएसी यूनिट में हुई। 

जानकारी के मुताबिक हेड कांस्टेबल दिगम्बर सिंह ने RAC मुख्यालय में ड्यूटी के दौरान ही खुद को गोली मार ली। घटना के बाद साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन ज्यादा खून बहने की वजह से उन्हें बचाया नहीं जा सका।

आरबीएम अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि दिगम्बर सिंह को गहरी चोट के कारण बचाना संभव नहीं हो पाया। उनके निधन से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि दिगंबर सिंह भरतपुर के सिनसिनी गांव के रहने वाले थे। वे भरतपुर शहर के सुभाष नगर इलाके में परिवार के साथ रहते थे। परिवार में पत्नी, दो जुड़वां बेटा-बेटी हैं। 

 जांच में जुटी पुलिस

इस दुखद घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हेड कांस्टेबल ने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस उनके सहकर्मियों और परिवारजनों से पूछताछ कर रही है, जिससे घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।

इस दर्दनाक घटना के बाद अब सभी की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हैं, जो यह पता लगाएगी कि आखिर इस घटना के पीछे क्या कारण थे।

Similar News