जहरीले जंतुओं का कहर-: पांच और सात साल के दो मासूमों की ली जान, परिजनों में मचा कोहराम
भीलवाड़ा बीएचएन। जिले में जहरीले जंतुओं का कहर बढ़ता जा रहा है। आये दिन लोग इनका शिकार होकर जान गंवा रहे हैं। ऐसी ही दो और घटनायें सामने आई है, जिनमें पांच और सात साल के दो मासूमों बालकों की जहरीले जंतुओं के काट लेने से मौत हो गई। दोनों ही बच्चों की मौत से उपके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खेत पर खेलने के दौरान काटा राजेश को
आसींद थाने के भानास गांव का 5 साल का राजेश पुत्र हरदेव भील अपने परिजनों के साथ छह अक्टूबर को परिजनों के साथ खेत पर गया था। जहां परिजन खेत में मक्की काट रहे थे। राजेश, आस-पास ही खेल रहा था। उसे जहरीले जंतु ने काट लिया। इसके चलते राजेश की तबीयत बिगड़ गई। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान राजेश की मौत हो गई।
मां के साथ खेत गया था युवराज
हमीरगढ़ थाने के नारायणपुरा (बीलियाकलां) गांव से दूसरी घटना सामने आई है। इस गांव के छोटूलाल कीर का सात साल का बेटा युवराज बुधवार की सुबह अपनी मां रानी कीर के साथ खेत पर गया था। जहां युवराज को जहरीले जंतू ने काट लिया। युवराज वहीं अचेत हो गया। पिता, उसे जिला अस्पताल लाये, जहां उसे भर्ती किया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। रात 2.20 बजे युवराज ने दम तोड़ दिया।