नशे के खिलाफ भीलवाड़ा में बड़ा प्रहार, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स चौकी का शुभारंभ

Update: 2026-02-12 11:29 GMT

 भीलवाड़ा बीएचएन। जिले में बढ़ते नशे के नेटवर्क पर अंकुश के लिए भीलवाड़ा में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की नई चौकी का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। एडीजीपी दिनेश एमएन और आईजी विकास कुमार ने वर्चुअल माध्यम से चौकी का उद्घाटन किया।

राज्य स्तर पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भीलवाड़ा के साथ भरतपुर, नागौर, प्रतापगढ़ और पाली में भी एएनटीएफ चौकियां शुरू की गई हैं। इसका उद्देश्य संगठित मादक पदार्थ तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना और जमीनी स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

भीलवाड़ा में यह चौकी फिलहाल यूआईटी के पीछे लायंस हॉस्पिटल के पास किराए की बिल्डिंग में संचालित की जा रही है। चौकी की कमान एएसआई अयूब खां को सौंपी गई है। उनके साथ चार कांस्टेबल राजाराम, सुरेश, नारायण और राधेश्याम की तैनाती की गई है। टीम को दो मोटरसाइकिल और आधुनिक हथियार उपलब्ध कराए गए हैं ताकि किसी भी सूचना पर तुरंत दबिश दी जा सके।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए यह चौकी विशेष निगरानी, गुप्त सूचना संकलन और त्वरित कार्रवाई पर काम करेगी। चौकी प्रभारी ने आमजन से अपील की है कि वे नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी सीधे एएनटीएफ को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ यह मुहिम लगातार और सख्ती से जारी रहेगी तथा जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में ठोस कार्रवाई की जाएगी।

Similar News

भीलवाड़ा में बेखौफ चोरों का दुस्साहस,: दिनदहाड़े डॉक्टर के सूने घर से लाखों की चोरी

सैंपल से छेड़छाड़ पर अदालत सख्त,: डीएनए गड़बड़ी के बीच आरोपित बरी; एसपी को गहन जांच के आदेश