मांडल क्षेत्र में हादसा: गुजरात से आसीद जा रही स्लीपर बस पलटी, महिला घायल
कबराड़िया / राकेश कुमार जोशी) | भीलवाड़ा-अजमेर राजमार्ग पर मांडल थाना क्षेत्र के किशनपुरा चौराहे के पास आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गुजरात के बारडोली से आसींद की ओर जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के दौरान बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लग्जरी बस जब किशनपुरा चौराहे के पास से गुजर रही थी, तभी सामने से अचानक एक डम्पर आ गया। डम्पर से सीधी भिड़ंत बचाने के प्रयास में बस चालक ने अचानक कट मारा और बस को नियंत्रित करने की कोशिश की, जिससे बस असंतुलित होकर सड़क किनारे जा पलटी। गनीमत रही कि बस की रफ्तार अधिक नहीं थी, वरना जनहानि हो सकती थी
इस हादसे में प्रेम देवी पत्नी खैमराज संचेती (निवासी आसींद) घायल हो गईं। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। ईएमटी भूपेंद्र शर्मा और एंबुलेंस चालक नरेश गर्ग ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को भगवानपुरा हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। अन्य यात्रियों को मामूली खरोंचें आई हैं।
पुलिस ने संभाली स्थिति
हादसे की जानकारी मिलते ही मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की सहायता से बस को किनारे करवाने के प्रयास शुरू किए और बाधित हुए यातायात को सुचारू करवाया। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई।
समाचार एवं विज्ञापन:
* भीलवाड़ा हलचल: 7737741455
* प्रेम कुमार गढवाल: 9413376078
* विजय गढवाल: 6377364129
