बेबाक किरोड़ी:: 'आजकल राजनीति धंधा बन गई है, पर मेरा भाव सेवा का है', आरक्षण और संस्कारों पर भी बोले कृषि मंत्री

Update: 2026-02-02 04:00 GMT


​अजमेर | राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज से सियासी हलकों में हलचल पैदा कर दी है। अजमेर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने राजनीति के गिरते स्तर से लेकर आरक्षण और सामाजिक संस्कारों तक पर खुलकर अपनी बात रखी।

 कमर्शियल हो गई है आजकल की राजनीति

​किरोड़ी लाल मीणा ने सीधे तौर पर प्रहार करते हुए कहा कि आज के दौर में राजनीति 'कॉमर्शियल' (व्यावसायिक) हो गई है। उन्होंने कहा, "लोग आजकल राजनीति में धंधा करने के लिए आ रहे हैं, लेकिन मेरा एकमात्र उद्देश्य जनता की सेवा करना है। मुझे कृषि मंत्री का पद मिला तो लोगों ने सवाल उठाए, लेकिन आज पूरा देश जानता है कि राजस्थान का कृषि मंत्री कौन है और यह मंत्रालय क्या काम कर सकता है।"

​संस्कृति और परंपरा का उत्साह


​कार्यक्रम में हुए जोरदार स्वागत और लोक नृत्य पर मंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि यहां की बहन-बेटियों के स्नेह ने उन्हें नाचने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने लुगड़ी (पारंपरिक पहनावा) का जिक्र करते हुए कहा कि यह हमारी संस्कृति और परंपरा है, जिसे जिंदा रखना बेहद जरूरी है।


​आरक्षण पर बड़ी घोषणा: "जब तक प्राण हैं, कोई नहीं छीन सकता"

​आरक्षण के मुद्दे पर समाज को आश्वस्त करते हुए डॉ. मीणा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आरक्षण खत्म करने की बातें महज अफवाह हैं। उन्होंने गरजते हुए कहा, "जब तक किरोड़ी लाल के शरीर में प्राण हैं, तब तक आपके आरक्षण का कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।" उन्होंने यह भी याद दिलाया कि आरक्षण की रक्षा के लिए सभी 32 विधायक (चाहे वे किसी भी दल के हों) हमेशा एकजुट रहे हैं।

​ मां-बहनें ही संस्कारों की असली यूनिवर्सिटी

​समाज में आ रही गिरावट और युवाओं के घर से भागने जैसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि माताएं और बहनें ही बच्चों में संस्कार डालने वाली असली 'यूनिवर्सिटी' हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे बच्चों में गिरते नैतिक मूल्यों को संभालें, क्योंकि मां से बड़ा कोई प्रोफेसर या वैज्ञानिक नहीं होता।

​मदद के लिए हमेशा तैयार

​मंत्री ने अंत में विश्वास दिलाया कि किसी भी काम के लिए वे न तो दल देखेंगे और न ही क्षेत्र; वे हर किसी की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।

Similar News

राधेश्याम बावरी हत्याकांड,: दो महिलाओं सहित चार आरोपी गिरफ्तार