खारी नदी में ग्रामीणों का हंगामा,: रॉयल्टी नाके में तोड़फोड़, बजरी खनन बंद कराने की मांग

Update: 2026-02-02 10:34 GMT

 भीलवाड़ा बीएचएन। फूलियाकलां क्षेत्र में खारी नदी पर सोमवार को तीन गांवों के ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ढाई सौ से तीन सौ लोगों की भीड़ ने नदी पर बने रॉयल्टी नाके में तोड़फोड़ कर दी और बजरी खनन पूरी तरह बंद कराने की मांग पर अड़ गए। हालात बिगड़ते देख फूलियाकलां, गुलाबपुरा सहित अन्य थानों से पुलिस जाब्ता मौके पर बुलाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों से समझाइश करते रहे।

पुलिस के अनुसार कस्बे के केकड़ी रोड स्थित खारी नदी में रॉयल्टी ठेकेदार द्वारा बजरी खनन किया जा रहा है। इसी से नाराज होकर फूलियाकलां, गणपतियाखेड़ा और सणगारी गांवों के लोग सोमवार सुबह करीब ग्यारह से बारह बजे नदी पर पहुंचे और खनन बंद करने की मांग को लेकर वहां बने नाके पर धावा बोल दिया। ग्रामीणों ने नाके पर लगी सोलर प्लेटें, सीमेंट के खंभे और कंप्यूटर उपकरण तोड़ दिए।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी शाहपुरा ओमप्रकाश, फूलियाकलां तहसीलदार और थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह के साथ गुलाबपुरा सहित आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर हालात संभालने का प्रयास किया।

ग्रामीणों का आरोप था कि खारी नदी में बिना लीज के अवैध रूप से बजरी निकाली जा रही है। इस पर तहसीलदार ने नदी में लीज होना बताया। ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि खनन से उनके कुएं सूख रहे हैं और वे किसी भी हालत में बजरी का दोहन नहीं होने देंगे।

फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर रखे हुए हैं। इस मामले में अभी तक थाने में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

Similar News