पालनागृह में छोड़ दिया गया एक दिन का नवजात, अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग
भीलवाड़ा बीएचएन। मानवता को झकझोर देने वाली घटना में महात्मा गांधी अस्पताल के मातृ एवं शिशु चिकित्सालय परिसर स्थित पालनागृह में सोमवार को एक दिन के नवजात बच्चे को उसकी मां छोडक़र चली गई। जैसे ही बच्चे को पालनागृह में रखा गया, वहां लगा अलार्म बज उठा और नर्सिंग स्टाफ तुरंत हरकत में आया। बच्चे को तत्काल आईसीयू वार्ड ले जाकर उपचार शुरू किया गया, जहां वह चिकित्सकों की निगरानी में है।
चिकित्सालय स्टाफ ने बताया कि डॉक्टरों ने नवजात की गहन जांच की और उसे तुरंत एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) में भर्ती किया गया। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे का वजन करीब दो किलो एक सौ ग्राम है और फिलहाल उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इस हृदयविदारक मामले में अब तक बच्चे को छोडक़र जाने वाली महिला के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आ पाई है। वह कौन थी और कहां से आई थी, इसका भी कोई सुराग नहीं मिला है। अस्पताल प्रशासन ने आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सूचना दे दी है।
यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि बच्ची की डिलीवरी इसी अस्पताल में हुई या किसी अन्य स्थान पर। पुलिस मामले की जांच कर रही है।