भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह का फेसबुक अकाउंट हैक, मोनेटाइजेशन की कमाई भी उड़ाई

Update: 2026-02-06 11:09 GMT

 अलीगढ । भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह का फेसबुक अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने न सिर्फ उनकी फेसबुक आईडी पर कब्जा कर लिया, बल्कि अकाउंट से होने वाली मोनेटाइजेशन की कमाई भी अपने खाते में ट्रांसफर कर ली। इस मामले में रिंकू सिंह के भाई सोनू की शिकायत पर अलीगढ़ साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

सोनू ने पुलिस को बताया कि रिंकू सिंह के फेसबुक पेज पर करीब 16 लाख फॉलोअर्स हैं। रिंकू इन दिनों अंतरराष्ट्रीय मैचों और टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों में व्यस्त थे, इसलिए वे सोशल मीडिया पर ज्यादा ध्यान नहीं दे पा रहे थे।

उन्होंने बताया कि 4 फरवरी को जब रिंकू सिंह ने फेसबुक अकाउंट लॉग इन करने की कोशिश की तो पासवर्ड गलत बताया गया। कई बार प्रयास करने के बाद भी अकाउंट नहीं खुला। इसके बाद उन्होंने अपने भाई सोनू को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोनू ने 5 फरवरी को एसएसपी से मिलकर लिखित शिकायत दी।

शिकायत में बताया गया कि पहले रिंकू सिंह का अकाउंट उनकी ईमेल आईडी rinkukumar344.8.7 से जुड़ा हुआ था, लेकिन हैकर्स ने इसे बदलकर commercial.rinkukumar नाम की दूसरी ईमेल आईडी से लिंक कर दिया। इसी कारण अकाउंट पूरी तरह रिंकू के नियंत्रण से बाहर चला गया।

सोनू ने यह भी बताया कि रिंकू सिंह की फेसबुक आईडी से ऐसे फोटो और वीडियो अपलोड हो रहे थे, जिन्हें उन्होंने पोस्ट नहीं किया था। इससे साफ हो गया कि अकाउंट को किसी अज्ञात व्यक्ति ने हैक कर लिया है। चूंकि यह अकाउंट मोनेटाइज था, इसलिए उससे होने वाली आय भी साइबर ठगों ने अपने बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर ली।

बताया गया कि इस समय रिंकू सिंह मुंबई में हैं और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के वॉर्म अप मैच खेलकर लौटे हैं। व्यस्त कार्यक्रम के कारण वे समय रहते अकाउंट की स्थिति नहीं समझ पाए। साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर रामेंद्र शुक्ला ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने साइबर टीम को हैकर्स की पहचान कर अकाउंट रिकवर कराने के निर्देश दिए हैं।

Similar News

अजमेर हाईवे पर मौत का तांडव-: ट्रेलर की टक्कर से दो युवकों की दर्दनाक मौत, लगा जाम