दिनदहाड़े फिल्मी अंदाज में लूट और अपहरण-: कार से आए बदमाशों ने युवक को पिस्टल दिखाकर उठाया, डेढ़ किलो सोना लेकर फरार
पाली। फालना थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बदमाशों ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं। गुजरात पासिंग कार में आए हथियारबंद बदमाशों ने बाइक सवार युवक को टक्कर मारकर गिराया, पिस्टल तानकर अगवा किया और करीब दो करोड़ रुपए कीमत के डेढ़ किलो सोने के गहने लूटकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बाइक को मारी टक्कर, फिर जबरन कार में डाला
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 11 बजे बेडल और पैरवा गांव के बीच टिपरी निवासी जगाराम पुत्र उमाराम जणवा चौधरी बाइक से जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आई एक अज्ञात गुजरात पासिंग कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। युवक सड़क पर गिर पड़ा। इससे पहले कि वह संभल पाता, कार से उतरे बदमाशों ने उस पर पिस्टल तान दी और जबरन कार में डालकर अपहरण कर लिया।
सुनसान इलाके में ले जाकर लूट
पुलिस ने बताया कि बदमाश जगाराम को आहोर और तखतगढ़ के बीच एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां उसके पास मौजूद करीब डेढ़ किलो सोने के गहने छीन लिए और उसे वहीं उतारकर फरार हो गए। युवक के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिली।
नाकाबंदी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही फालना थाना पुलिस सक्रिय हो गई और जिलेभर में नाकाबंदी करवाई गई। विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच शुरू की गई है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फालना थानाधिकारी विक्रमसिंह ने बताया कि मौके का निरीक्षण कर लिया गया है और बदमाशों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।