भीलवाड़ा BHN. जिले के गुलाबपुरा कस्बे की प्रताप नगर कालोनी के पास शुक्रवार शाम उदयपुर–अजमेर लोकल ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ देर तक ट्रेन मौके पर ही खड़ी रही।
सूचना मिलने पर गुलाबपुरा थाने से सब इंस्पेक्टर गोवर्धन लाल मय पुलिस जाब्ता के मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। जांच में मृतक की पहचान जूना गुलाबपुरा निवासी सुखदेव 57 पुत्र नंदराम भील के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को गुलाबपुरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम शनिवार सुबह कराया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
इस हादसे ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।