दर्शन यात्रा बनी मौत का सफर: अजमेर-भीलवाड़ा हाईवे पर ट्रक की टक्कर से दो युवतियों की मौत, एक जिंदगी से जूझ रही
भीलवाड़ा/ रायला बंटी। अजमेर-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे पर गुलाबपुरा थाना क्षेत्र के सरेरी गांव के निकट सोमवार सुबह ऐसा भयावह हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। भीलवाड़ा से कंवलियास स्थित त्रिदेव महादेव मंदिर दर्शन के लिए निकली तीन युवतियों की स्कूटी को तेज रफ्तार ट्रक टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। पल भर में सडक़ पर चीख-पुकार मच गई और दर्शन की आस्था खून से सनी सडक़ पर बिखर गई।
दो युवतियों की मौके पर ही मौत
हादसे की तीव्रता इतनी भयानक थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही दो महिलाओं ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान एफ सेक्टर सुभाषनगर, भीलवाड़ा निवासी रेखा 28 पुत्री गणपत लाल बलाई और छोटी पुलिया, आरसी व्यास कॉलोनी निवासी सीता 36 पत्नी रामावतार धोबी के रूप में हुई है। सीता अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गई है, जिनके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया।
एक युवती गंभीर हालत में भर्ती
इस दर्दनाक टक्कर में तिलकनगर निवासी चंचल 25 पुत्री सोहनलाल नायक गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका पैर फ्रैक्चर हुआ है। चंचल को रायला से भीलवाड़ा रैफर किया गया, जहां से उसे हायर सेंटर अहमदाबाद ले जाया गया है। अस्पताल में परिजनों की आंखों में आंसू और चेहरे पर बेबसी साफ नजर आ रही थी।
पुलिस और एम्बुलेंस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही गुलाबपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया गया। सहायक उपनिरीक्षक महावीर सिंह ने बताया कि तीनों युवतियां एक ही स्कूटी पर सवार होकर दर्शन के लिए जा रही थीं। हाईवे एम्बुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया और मृतकों के शव रायला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाए गए।
जांच में जुटी पुलिस, हादसे के कारण तलाशे जा रहे
पुलिस ने मौके से भागे टैंकर व चालक की तलाश शुरु कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी तकनीकी खामी की भी पड़ताल की जा रही है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर बढ़ते हादसों को लेकर नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई और सुरक्षा इंतजामों की मांग की है।
