नकबजनी का खुलासा-ऑनलाइन गेमिंग की लत बना अपराध की वजह, नाबालिग निकला शातिर नकबजन, चोरी का माल खरीदने वाले सहित दो गिरफ्तार

Update: 2026-02-08 11:12 GMT

भीलवाड़ा। पुलिस थाना सुभाषनगर पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकबजनी की एक बड़ी वारदात का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को भी पुलिस ने पकड़ा है। मामले में अनुसंधान व बरामदगी की कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार 20 जनवरी 2026 को सदर बाजार रूपाहेली हाल विजय सिंह पथिक नगर निवासी विनोद कुमार पुत्र रामप्रसाद अजमेरा, ने रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनके पुराने मकान ई-269 विजय सिंह पथिक नगर, गली नंबर 07, शिवाजी मार्ग से चोर नकद राशि तथा सोने-चांदी के सिक्के व गहने चोरी कर लिए गए हैं। इस पर पुलिस थाना सुभाषनगर में मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना सुभाषनगर व कार्बोहाइड पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। तकनीकी व फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई।

जांच के दौरान करीब 14 वर्षीय एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया, जिसने पूछताछ में ऑनलाइन गेमिंग की लत के चलते चोरी करना स्वीकार किया। नाबालिग ने बताया कि घटना वाला मकान उसके घर के पीछे स्थित था, जहां दिन में केवल एक वृद्ध महिला व पुरुष रहते थे, जो शाम को अपने नए मकान चले जाते थे। इसी का फायदा उठाकर वह अलग-अलग समय पर छत के रास्ते घर में घुसकर चोरी करता था। चोरी की नकदी को उसने ऑनलाइन गेमिंग व दोस्तों पर खर्च किया।

जांच में सामने आया कि उसी मोहल्ले में रहने वाला उसका साथी समीर हुसैन सोरगर उर्फ दिलशाद उर्फ मोगा उर्फ गांट्या उससे दोस्ती कर चोरी की वारदात में शामिल हो गया। दोनों ने मिलकर नकद राशि व गहनों की चोरी की। चोरी का कुछ माल कान्हा सोनी को बेचा गया।

पुलिस ने नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेज दिया है, जबकि आरोपी समीर हुसैन सोरगर उर्फ दिलशाद उर्फ मोगा उर्फ गांट्या, पिता शरीफ मोहम्मद सोरगर, निवासी छोटी टैगोर स्कूल के पास गुल नगरी, गली नंबर 10, को गिरफ्तार कर 04 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

वहीं चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी कान्हा सोनी 24 पुत्र अशोक सोनी, निवासी डी-584, गली नंबर 10, विजय सिंह पथिक नगर, को 01 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

प्रकरण में आगे की जांच एवं चोरी गए माल की बरामदगी के प्रयास पुलिस थाना सुभाषनगर पुलिस टीम द्वारा लगातार जारी हैं। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाप्रभारी कैलाशकुमार बिश्नोई, पृथ्वीराज, रतन, सोनू, सुनील, कैलाश और उगरा राम शामिल थे।

Similar News

सोने चांदी के दाम बढ़ते ही बढऩे लगीं लूट की वारदातें-: दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से गहने लूट भागे बाइकर्स