बिजौलिया में चोरों का आतंक: एक रात में 15 ट्यूबवेल से 300 फीट तांबे की केबल चोरी
भीलवाड़ा। जिले के बिजौलिया क्षेत्र के तिलस्वा इलाके के सुठियाल इलाके में शनिवार रात चोरों ने ऐसी दुस्साहसी वारदात को अंजाम दिया कि सुबह होते ही किसानों के होश उड़ गए। खेतों से करीब 15 ट्यूबवेल, कुओं से मोटरों की केबल और पम्प सेट चोरी कर लिए गए, जबकि दो पम्प सेटों को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
पीड़ितों के अनुसार शनिवार देर रात चोरों ने किशन सेन, श्रवण, सोला अहीर, रामस्वरूप अहीर, मुकेश अहीर और पुरण अहीर सहित कई किसानों के खेतों को निशाना बनाया। चोर बेखौफ होकर करीब 300 फीट तांबे की केबल समेट ले गए और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
सुबह जब किसान खेतों पर पहुंचे तो मोटरें और केबल गायब देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे फसलों पर संकट मंडराने लगा है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बीते छह महीनों में सुठियाल क्षेत्र में यह तीसरी बड़ी चोरी की वारदात है। पीड़ित किसानों का आरोप है कि पुलिस को बार-बार शिकायत देने के बावजूद आज तक एक भी चोर गिरफ्त में नहीं आया। इससे चोरों के हौसले और बुलंद हो गए हैं।
किसानों में भारी रोष है और उनका कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन और सड़क जाम जैसे कदम उठाने को मजबूर होंगे। सवाल यह है कि क्या पुलिस किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रही है?
कब टूटेगा बिजौलिया में चोरों का नेटवर्क?
अब देखना यह होगा कि पुलिस इस बार सिर्फ कागजी कार्रवाई करती है या वास्तव में चोरों पर शिकंजा कसती है।
