मुंबई में मेट्रो निर्माण स्थल पर स्लैब गिरा, कई लोग घायल

Update: 2026-02-14 09:27 GMT

 मुंबई में शनिवार दोपहर मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मुलुंड पश्चिम इलाके में निर्माणाधीन पिलर का सीमेंट से बना एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई। हादसे में कई लोगों के दबने और 3 से 4 लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना एलबीएस रोड पर एलबीएस रोड स्थित Johnson & Johnson कंपनी के पास हुई बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार करीब 12 बजकर 20 मिनट पर निर्माणाधीन स्लैब अचानक नीचे से गुजर रहे एक ऑटो रिक्शा और कार पर आ गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज धमाके जैसी आवाज के साथ स्लैब गिरा और कुछ ही पलों में सड़क पर अफरा तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही Mumbai Fire Brigade, स्थानीय पुलिस, मेट्रो प्राधिकरण के कर्मचारी, वार्ड स्टाफ और 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव दलों ने तुरंत मलबा हटाने का काम शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

हादसे के कारण एलबीएस रोड पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया ताकि बचाव कार्य में किसी प्रकार की रुकावट न आए। प्रारंभिक जांच में निर्माणाधीन पिलर की मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मेट्रो परियोजना से जुड़े इंजीनियरों और ठेकेदार कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को तलब किया गया है। प्रशासन ने कहा है कि यदि लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर बड़े निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर रहा है और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता को रेखांकित करता है।

Similar News