उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा के काफिले से टकराई कार, बाल बाल बचे

Update: 2026-02-14 09:33 GMT

 प्रेमचंद बैरवा शनिवार सुबह एक बड़े सड़क हादसे का शिकार होने से बाल बाल बच गए। घटना राजस्थान के झुंझुनूं जिला स्थित उदयपुरवाटी घाट सेक्शन के पास की है, जहां एक अनियंत्रित निजी कार उनके सुरक्षा काफिले में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि एस्कॉर्ट वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि उपमुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार उपमुख्यमंत्री का काफिला जयपुर से झुंझुनूं की ओर जा रहा था। घुमावदार घाट क्षेत्र से गुजरते समय एक निजी कार ने नियंत्रण खो दिया और सीधे काफिले के सुरक्षा वाहन से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उपमुख्यमंत्री के वाहन को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि उन्हें कोई चोट नहीं आई है।

बताया जा रहा है कि एस्कॉर्ट वाहन से टकराने वाली कार भाजपा नेता जेपी खटाना की थी। जानकारी के अनुसार उनकी कार अचानक काफिले के बीच आ गई, जिससे एस्कॉर्ट गाड़ी उससे भिड़ गई। उस समय उपमुख्यमंत्री का वाहन आगे निकल चुका था। हादसे में दोनों वाहनों की हेडलाइट्स और आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है।

उपमुख्यमंत्री का शनिवार को गुढ़ागौड़जी में एक निजी शिक्षण संस्थान के वार्षिकोत्सव में शामिल होने का कार्यक्रम था। सुबह 10:30 बजे पहुंचने के बाद दोपहर 12:30 बजे जयपुर लौटना निर्धारित था। हादसे के बावजूद उन्होंने तय कार्यक्रम में भाग लिया।

गौरतलब है कि कुछ ही समय पहले एनएच 52 पर रींगस में उनका भव्य स्वागत किया गया था, जिसका नेतृत्व विधायक सुभाष मील ने किया। स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। इसके तुरंत बाद हुआ यह हादसा चर्चा का विषय बना हुआ है।

प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और यह देखा जा रहा है कि दुर्घटना लापरवाही का परिणाम थी या तकनीकी कारणों से हुई।

Similar News