जहाजपुर आजाद नेब। शनिवार को नेशनल हाईवे 148डी पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। पंडेर के समीप तेज रफ्तार टेंपो का अचानक टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 11 महिलाएं और 3 पुरुष घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार पंडेर और आसपास के गांवों के महिला-पुरुष शाहपुरा क्षेत्र में खेतों में मजदूरी कर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चलते वाहन का टायर अचानक फट गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और टेंपो सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलते ही लालाराम बैरवा भी मौके पर पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली।
घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
