चम्बल मेंटेनेंस के चलते तीन दिन पानी बंद, 18से 20 फरवरी तक लोगो को होगी परेशानी

Update: 2026-02-14 07:06 GMT

 भीलवाड़ा,BHN. भीलवाड़ा शहर और जिले की लाखों आबादी को एक बार फिर पेयजल संकट का सामना करना पड़ेगा। चम्बल भीलवाड़ा पेयजल परियोजना के तहत होने वाले मेंटेनेंस कार्य के कारण 18 फरवरी की शाम से 20 फरवरी की सुबह तक चम्बल से होने वाली जल आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित रहेगी।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के परियोजना खंड प्रथम के अधिशाषी अभियंता ने बताया कि चम्बल भीलवाड़ा पेयजल परियोजना के फेज प्रथम, पैकेज प्रथम और द्वितीय के अंतर्गत रॉ एवं क्लियर वॉटर पंपिंग और ट्रांसमिशन सिस्टम तथा आरोली स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के वार्षिक रखरखाव और प्रिवेंटिव मेंटेनेंस के लिए 18 फरवरी 2026 को सुबह 7 बजे से 36 घंटे का शटडाउन रहेगा।

इस शटडाउन के चलते 18 फरवरी की शाम से 20 फरवरी की सुबह तक भीलवाड़ा शहर सहित पूरे जिले में चम्बल परियोजना से मिलने वाली पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। ऐसे में पहले से ही अनियमित जल वितरण झेल रहे लोगों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ सकती है।

विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे शटडाउन से पहले आवश्यक मात्रा में पानी का भंडारण कर लें और जल का मितव्ययिता से उपयोग करें, लेकिन हर बार की तरह सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या वैकल्पिक व्यवस्था पर्याप्त है या फिर आमजन को फिर से टैंकरों और निजी साधनों पर निर्भर रहना पड़ेगा।

पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में बार-बार बाधा शहरवासियों की चिंता बढ़ा रही है, वहीं प्रशासन की तैयारियों की भी परीक्षा होगी।

Similar News

राजस्थान पुलिस में बड़ा प्रशासनिक भूचाल: ! इंस्पेक्टर की कमी, अब SI संभालेंगे थाने