पीपलूंद की रिंकू की मौत का मामला-: पुलिस ने दर्ज की हत्या की रिपोर्ट, एसडीएम ने की थी मर्ग की जांच

Update: 2026-02-14 14:54 GMT

 भीलवाड़ा बीएचएन। जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र के पीपलूंद गांव में 23 वर्षीय रिंकू की मौत को लेकर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। तीन साल पहले गैर समाज के युवक से प्रेम विवाह करने वाली रिंकू की 30 जनवरी को हुई मौत को प्रारंभ में संदिग्ध मानते हुए मर्ग दर्ज किया गया था। अब एसडीएम की जांच रिपोर्ट आने के बाद मामला हत्या में दर्ज किया गया है।

जहाजपुर पुलिस के अनुसार 30 जनवरी को पीपलूंद गांव में एक महिला की मौत की सूचना मिली। सब इंस्पेक्टर शंकर सिंह मौके पर पहुंचे। रिंकू पत्नी अशोक खारोल का शव मकान के रसोईघर में मिला। मृतका का एक पैर टूटा हुआ था, गर्दन पर निशान थे तथा हाथ और मुंह पर भी चोट के निशान पाए गए। शव को राजकीय अस्पताल भिजवाकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।

जेठ के बेटे के लिए बनाया था टिफिन

परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार घटना के समय पति अशोक बूंदी गया हुआ था। रिंकू ने अपने जेठ के बेटे के लिए टिफिन तैयार किया था। जेठ बच्चे को स्कूल छोडऩे गया। घर पर उस समय रिंकू अकेली थी।

करीब डेढ़ घंटे बाद जब जेठ घर लौटा तो रिंकू रसोईघर में मृत अवस्था में मिली। इसके बाद उसने बूंदी में मौजूद भाई अशोक, मां और अन्य परिजनों को सूचना दी।

माली समाज की थी रिंकू, किया था प्रेम विवाह

पुलिस के अनुसार रिंकू माली समाज से थी और उसने तीन साल पहले पीपलूंद निवासी अशोक खारोल से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से वह ससुराल में रह रही थी।

प्रेम विवाह के कारण मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच एसडीएम को सौंपी गई। एसडीएम ने अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या प्रतीत नहीं होता और अज्ञात कारणों से हत्या की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

एसडीएम की रिपोर्ट आने  के बाद जहाजपुर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। 

Similar News