पेट्रोल डालकर किशोर को जिंदा जलाने की कोशिश, बाप-बेटे समेत तीन गिरफ्तार

Update: 2026-02-16 07:30 GMT

 भीलवाड़ा BHN .जिले के बिजौलियां थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक 16 वर्षीय किशोर को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश, कातिलाना हमले और बाइक को आग के हवाले करने के जघन्य मामले में बिजौलियां थाना पुलिस ने   पिता-पुत्र सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।

थाने के सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार के अनुसार फतेहपुर निवासी 16 वर्षीय गिलूराम बंजारा 6 फरवरी को मंडोल बांध गांव गया था। आरोप है कि एक परिवार को गलतफहमी हो गई कि वह उनकी पुत्री से मिलने आया है। इसी शक के चलते तीन लोगों ने गिलूराम को घेर लिया और उस पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हद तो तब हो गई जब हमलावरों ने उसकी बाइक से पेट्रोल निकाला और कथित तौर पर उस पर छिड़क कर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरकर गिलूराम करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गया, जबकि उसकी बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। चीख-पुकार सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल किशोर को तत्काल उप जिला चिकित्सालय बिजौलियां ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद गिलूराम के चाचा मदनलाल बंजारा की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने जलेरी नयानगर हाल मंडोल बांध निवासी अजय कुमार पुत्र जगदीश बंजारा, मंडोल बांध निवासी गोपाल पुत्र भवाना बंजारा और उसके बेटे राजेश बंजारा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद हमले में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है। तीनों आरोपितों को अदालत में पेश कर दिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहराई से पड़ताल कर रही है ।

Similar News

भारत की ऐतिहासिक जीत, देश में जश्न का माहौल: टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को दी 61 रनों से करारी शिकस्त