सात फेरे के बाद खुला राज, दूल्हा ट्रांसजेंडर निकला तो मच गया हंगामा, बिना दुल्हन लौटी बारात
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। शादी की रस्में पूरी होने और सात फेरे संपन्न हो जाने के बाद अचानक खुलासा हुआ कि दूल्हा ट्रांसजेंडर है। यह जानकारी मिलते ही गांव में अफरा तफरी मच गई और आखिरकार बारात को बिना दुल्हन लौटना पड़ा।
घटना कोठी थाना क्षेत्र के एक गांव की है। यहां की रहने वाली युवती की शादी छह महीने पहले रामसनेहीघाट क्षेत्र के दिनौना के पूरे गनई गांव निवासी भाग्यचंद्र के 22 वर्षीय बेटे रिशु से तय हुई थी। तय कार्यक्रम के अनुसार 13 फरवरी को बैंड बाजे के साथ बारात धूमधाम से गांव पहुंची। दुल्हन पक्ष ने पूरे सम्मान के साथ स्वागत किया। जयमाल हुई, भोजन का कार्यक्रम चला और शाम को सात फेरे भी पूरे हो गए। सब कुछ सामान्य लग रहा था और विदाई की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं।
शनिवार तड़के करीब चार बजे कादोपुर से किन्नर समुदाय के कुछ लोग बधाई लेने पहुंचे। जैसे ही उनकी नजर दूल्हे पर पड़ी, वे उसे पहचान गए। उन्होंने दावा किया कि दूल्हा उनकी बिरादरी का सदस्य है और पहले उनके साथ रहता था। यह सुनते ही दूल्हे और उसके परिवार के चेहरे उतर गए। मामला दबाने की कोशिश में दूल्हा पक्ष ने कथित तौर पर 23 हजार रुपये किन्नरों को दे दिए, जबकि आमतौर पर नेग की रकम इससे कहीं कम होती है। इतनी बड़ी राशि देखकर दुल्हन पक्ष को शक हुआ।
दुल्हन के चचेरे भाई ने जब दूल्हे से स्पष्टता के लिए निजी तौर पर जांच की बात कही तो वह भड़क उठा और मना करने लगा। इसी दौरान किन्नर समुदाय ने सार्वजनिक रूप से खुलासा कर दिया। खबर फैलते ही बारात में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई बाराती चुपचाप निकल गए। गुस्साए दुल्हन पक्ष ने दूल्हे को रोक लिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन सामाजिक मान मर्यादा के चलते दुल्हन पक्ष ने कोई औपचारिक मुकदमा दर्ज नहीं कराया। पुलिस की मौजूदगी में पंचायत बैठी, जिसमें दूल्हा पक्ष ने शादी में हुए खर्च की भरपाई करने पर सहमति जताई। रकम लौटाने के बाद बची हुई बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई और विदाई नहीं हो सकी।
कोठी थाना पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग हैरान हैं कि इतनी बड़ी बात शादी तक कैसे छिपी रह गई।
