बिजोलिया में फिर दिनदहाड़े टूटे ताले,: :घर की दीवार फांदकर चोर ले गए डेढ़ किलो चांदी और नकदी

Update: 2026-02-16 17:52 GMT

भीलवाड़ा/बिजौलिया। बिजौलिया थाना क्षेत्र के केसुविलास गांव में सोमवार को दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब डेढ़ किलो चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से ग्रामीण क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

​खेत और मजदूरी पर गए थे परिजन

​पीड़ित सुगन किराड़ ने पुलिस को बताया कि वह सुबह मजदूरी के लिए घर से बाहर गया हुआ था, जबकि उसका बेटा और बहू खेत पर काम करने गए थे। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाया। बदमाशों ने करीब 10 फीट ऊंची पत्थरों की दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया।

​बक्से का ताला तोड़कर जेवरात किए पार

​घर के अंदर घुसने के बाद चोरों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर रखे लोहे के संदूक को निशाना बनाया। बदमाशों ने बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब डेढ़ किलो वजनी चांदी के जेवरात—जिनमें बिछुड़ी, गले की चेन, हाथों के कंगन व अन्य आभूषण शामिल थे—चोरी कर लिए। इसके अलावा चोरों ने बक्से में रखे करीब दो हजार रुपये नगद भी चुरा लिए।

​पोते ने देखा बिखरा सामान

​चोरों ने घर के अन्य कमरों के दरवाजे भी तोड़ डाले और सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। घटना का पता तब चला जब दोपहर करीब एक बजे पीड़ित का पोता स्कूल से घर लौटा। मुख्य गेट पर ताला लगा देख और अंदर सामान बिखरा हुआ पाकर उसने परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

Similar News

भीलवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्यवाही:: 1 किलो 43 ग्राम अफीम और 16 लाख रुपये की नकदी के साथ तस्कर गिरफ्तार