रूह कंपा देने वाली वारदात: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या की कोशिश

Update: 2026-02-19 10:33 GMT

 जशपुर/बागबहार । छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। बागबहार थाना क्षेत्र में नाटक देखकर घर लौट रही एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को लिफ्ट देने के बहाने दो दरिंदों ने अपनी बाइक पर बैठाया और जंगल ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया। आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए पीड़िता का गला दबाकर उसे जान से मारने की कोशिश भी की।

लिफ्ट देने के बहाने किया अपहरण

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 16 फरवरी की रात पीड़िता एक गांव में नाटक देखने गई थी। देर रात पैदल घर लौटते समय रास्ते में दो अज्ञात युवक मिले। उन्होंने सुरक्षित घर छोड़ने का झांसा देकर पीड़िता को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। आरोपी उसे घर ले जाने के बजाय पास के जंगल में ले गए, जहां दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।

मरा हुआ समझकर सड़क किनारे फेंका

आरोपी यहीं नहीं रुके, उन्होंने 16 फरवरी की आधी रात से लेकर 17 फरवरी की रात तक पीड़िता को बंधक बनाकर रखा और शारीरिक यातनाएं दीं। अंत में, पहचान उजागर होने के डर से आरोपियों ने पीड़िता का गला दबाकर उसे जान से मारने का प्रयास किया। जब किशोरी अचेत हो गई, तो आरोपी उसे मृत समझकर बिजली सब स्टेशन के पास सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए।

गंभीर हालत में अंबिकापुर रेफर

अगले दिन 17 फरवरी की रात पीड़िता ग्रामीणों को अचेत अवस्था में मिली। उसके शरीर पर कांच से कटने और चोटों के गंभीर निशान हैं। प्राथमिक उपचार के बाद पीड़िता की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। होश आने पर पीड़िता ने अपनी मां को आपबीती सुनाई।

पुलिस की कार्रवाई और टीम का गठन

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

पंजीबद्ध धाराएं: पुलिस ने बीएनएस की धारा 138, 70-2 और पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस का दावा: तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्धों की तलाश जारी है और जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Similar News