दुखद:: लुटेरों द्वारा चारपाई सहित घर से अगवा की गई 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने तोड़ा दम, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

Update: 2026-02-19 14:09 GMT

 भीलवाड़ा (प्रेमकुमार गढ़वाल )। जिले के कोठियां गांव में 14 दिन पहले हुई रोंगटे खड़े कर देने वाली लूट की कोशिश की शिकार 90 वर्षीया छोटी देवी आखिरकार जिंदगी की जंग हार गईं। लुटेरों द्वारा आधी रात को घर से चारपाई समेत उठाकर खेत में ले जाने की घटना के बाद से वे गहरे सदमे में थीं। गुरुवार अल सुबह उन्होंने अपने घर पर ही अंतिम सांस ली।

सदमे ने ले ली जान

मृतका के पौत्र संजय माली ने बताया कि 5 फरवरी की रात को हुई उस खौफनाक वारदात के बाद से दादी छोटी देवी बुरी तरह डरी-सहमी रहने लगी थीं। इस घटना का उन पर ऐसा मानसिक असर पड़ा कि उन्होंने दो दिन बाद ही खाना-पीना पूरी तरह छोड़ दिया था। 14 दिनों तक मौत से जूझने के बाद गुरुवार सुबह करीब 4 बजे उनकी मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

क्या थी वह खौफनाक वारदात?

5 फरवरी की रात बदमाशों ने कोठियां गांव में छोटी देवी को गहने लूटने की नियत से हाथ-पैर बांधकर और मुंह में कपड़ा ठूंसकर चारपाई सहित अगवा कर लिया था। बदमाश उन्हें करीब 300 फीट दूर खेत में ले गए थे, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों के जागने व शोर मचाने के कारण लुटेरे उन्हें छोड़कर भाग गए थे। हालांकि उनके शरीर पर पहने डेढ़ किलो चांदी के जेवर बच गए थे, लेकिन बदमाशों के दुस्साहस ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया था।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

परिजनों ने फूलियाकलां पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संजय माली का कहना है कि वारदात के तुरंत बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन 14 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों को पकड़ना तो दूर, संतोषजनक कार्रवाई तक नहीं की। परिजनों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि पुलिस की ढिलाई के कारण ही अपराधी अब भी खुले घूम रहे हैं।

आज गमगीन माहौल में मृतका का दाह-संस्कार कर दिया गया। ग्रामीण अब पुलिस प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Similar News