सनकी पति ने पत्नी और दो मासूम बच्चों का गला रेता, पुलिस को फोन कर बोला- 'सबको मार दिया'

Update: 2026-02-20 09:19 GMT

 जालोर। राजस्थान के जालोर जिले के दासपां गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक कलयुगी पिता ने अपने ही परिवार को खत्म कर दिया। आरोपी मंगलाराम पुरोहित ने रात के अंधेरे में अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर इसकी सूचना दी, जिससे पूरे महकमे में हड़कंप मच गया।

घर के आंगन में टहलता मिला कातिल

सूचना मिलते ही पुलिस टीम दासपां गांव के राजकीय चिकित्सालय के पीछे स्थित पुरोहितों की ढाणी पहुंची। जब पुलिस वहां पहुंची, तो आरोपी मंगलाराम घर के आंगन में बेखौफ टहलता मिला। घर के अंदर का मंजर रूह कंपा देने वाला था; 10 वर्षीय निकिता और 8 वर्षीय हितेश के शव चारपाई पर खून से लथपथ पड़े थे, वहीं पत्नी दाड़मी देवी का शव दूसरे कमरे में फर्श पर पड़ा मिला। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।

भाई बोले- 'मुकदमा कर दिया होता तो आज ये जिंदा होते'

आरोपी के भाइयों ने बताया कि मंगलाराम कोई काम-धंधा नहीं करता था और घर का खर्च भाई व ससुराल वाले उठाते थे। पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। छह महीने पहले भी उसने पत्नी के साथ गंभीर मारपीट की थी, लेकिन पत्नी ने बच्चों के भविष्य और लोकलाज के डर से पुलिस केस करने से मना कर दिया था। भाइयों का कहना है कि अगर उस वक्त सख्त कदम उठाया होता, तो आज तीनों जिंदा होते।

एक मासूम की यूं बची जान

जानकारी के अनुसार, परिवार का एक बच्चा किसी निमंत्रण में बाहर गया हुआ था, जिसके कारण उसकी जान बच गई। इस हृदय विदारक घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। मौके पर पहुंचे प्रत्यक्षदर्शियों की आंखें भी यह मंजर देखकर नम हो गईं। पुलिस अब हत्या के कारणों और प्रयुक्त हथियार की बरामदगी को लेकर जांच कर रही है।

Similar News

मिडिल ईस्ट में तनाव: केंद्र सरकार का मास्टरस्ट्रोक: भीलवाड़ा के टेक्सटाइल उद्योग और आम आदमी को मिली संजीवनी