बिजौलिया पुलिस की कार्यवाही: पत्रकार पर हमले के दो आरोपितों सहित चार गिरफ्तार, चाकू से दहशत फैलाने वाला भी धराया
भीलवाड़ा। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिजौलिया थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पोक्सो एक्ट के वांछित आरोपी, आमजन में हथियार दिखाकर दहशत फैलाने वाले बदमाश और एक पत्रकार के साथ मारपीट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पोक्सो एक्ट का वांछित आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने थाना क्षेत्र के प्रकरण संख्या 37/2026 में वांछित आरोपी सुभाष चन्द्र खटीक 36 पुत्र चतुर्भुज खटीक, निवासी टिचाटोल कॉलोनी, बिजौलिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(2) और 7/8 पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज था। पुलिस फिलहाल आरोपी से मामले में गहनता से पूछताछ कर रही है।
छुरा लेकर दहशत फैलाने वाला बदमाश काबू
शुक्रवार, 03 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गोविन्दपुरा में एक व्यक्ति हाथ में नंगी तलवार जैसा छुरा लेकर घूम रहा है और ग्रामीणों को डरा-धमका रहा है। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी और रमेश 45 पुत्र भवानीलाल बलाई, निवासी गोविन्दपुरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध छुरा जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पत्रकार से मारपीट और धमकाने के आरोपी गिरफ्तार
बीती 01 अप्रैल को बिजौलिया निवासी श्यामसुन्दर विजयवर्गीय ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि जब वे पंचायत चौक से घर जा रहे थे, तब एक बिना नंबर की हुंडई i10 कार में सवार बदमाशों ने उनका पीछा कर मारपीट की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लक्ष्मीनारायण उर्फ कालू 25 पुत्र किशनलाल अहीर, निवासी छोटा दरवाजा, बिजौलिया और हेमन्त 26 पुत्र हनुमान प्रसाद जांगिड, निवासी विवेकानंद नगर, कोटा के रूप में हुई है।
इन सभी अपराधियों के खिलाफ दर्ज मामलों में पुलिस की जांच और अनुसंधान जारी है।
