जयपुर में पोल गिरने से युवक की मौत, प्रदेशभर में ओलावृष्टि से फसलें तबाह
जयपुर/बीकानेर/राजसमंद। राजस्थान में शुक्रवार को आए तेज अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई है। राजधानी जयपुर में मौसम के इस मिजाज ने एक व्यक्ति की जान ले ली, वहीं बीकानेर और राजसमंद में ओलावृष्टि से किसानों की कमर टूट गई है।
जयपुर: जेडीए सर्कल पर हादसा, बिजली का पोल गिरने से मौत
राजधानी में शुक्रवार शाम करीब सवा पांच बजे आए भीषण अंधड़ और बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। जवाहर नगर निवासी रामजीलाल महावर (50) जब अपनी बाइक से घर जा रहे थे, तब जेडीए सर्कल के पास अचानक एक बिजली का पोल उनके सिर पर आ गिरा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनका हेलमेट चकनाचूर हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
अंधड़ के कारण शहर में करीब 20 बिजली के पोल और दर्जनों पेड़ उखड़ गए, जिससे 500 से अधिक इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। मेट्रो सेवा भी करीब 20 मिनट तक बाधित रही।
बीकानेर और राजसमंद: खेतों में बिछी बर्फ की सफेद चादर
बीकानेर के लूणकरनसर, महाजन और अरजनसर क्षेत्र में भारी ओलावृष्टि हुई, जिससे रेगिस्तानी इलाके में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। वहीं, राजसमंद के सनवाड़ सहित कई क्षेत्रों में चने के आकार के ओले गिरने और तेज हवाओं से पकी हुई गेहूं की फसल जमीन पर बिछ गई। खेतों में पानी भरने से कटी हुई फसल भी खराब हो गई है। किसानों ने प्रशासन से गिरदावरी करवाकर मुआवजे की मांग की है।
अजमेर: शिलान्यास कार्यक्रम में खलल
अजमेर के नांदला गांव में भी मौसम ने अचानक करवट ली। यहां जीएनएम नर्सिंग स्कूल के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान तेज हवाओं से टेंट फट गया और मंच के पोल गिर गए। भारी बारिश के बीच जैसे-तैसे भूमि पूजन संपन्न किया गया। मौसम विभाग ने शनिवार को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
