अवैध खनन के खिलाफ डीएसटी की कार्रवाई- मांडल में जेसीबी और सदर क्षेत्र में ट्रैक्टर जप्त
भीलवाड़ा (बीएचएन)। जिले में अवैध खनन और माफियाओं के खिलाफ पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन और आईपीएस प्रोबेशनर माधव उपाध्याय के नेतृत्व वाली जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने मंगलवार को बड़ी कार्यवाही की है। टीम ने मांडल और सदर थाना क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध बजरी खनन व परिवहन में लिप्त वाहनों को जप्त कर संबंधित थानों के सुपुर्द किया है।
मांडल में जेसीबी और चालक को दबोचा
जिला पुलिस की विशेष टीम ने आज मांडल थाना क्षेत्र में कार्यवाही करते हुए अवैध खनन/खुदाई में लगी एक जेसीबी मशीन को जप्त किया। पुलिस ने मौके से जेसीबी के ड्राइवर को भी हिरासत में लिया है। टीम ने वाहन और चालक को मांडल थाना पुलिस के हवाले कर दिया है, जहाँ उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
सदर क्षेत्र में बजरी दोहन करता ट्रैक्टर पकड़ा
वहीं, दूसरी ओर टीम ने सदर थाना क्षेत्र में भी दबिश दी। यहाँ अवैध बजरी परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया। डीएसटी ने ट्रैक्टर को सदर थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। उधर, लगातार की जा रही इन कार्यवाहियों से जिले के खनन माफियाओं में हडक़ंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।