बागजणा में छाया शोक:: बंद पड़ी माइंस में मिली युवक की लाश, 20 फरवरी को अहमदाबाद से लौटने के बाद से था लापता
भीलवाड़ा (बीएचएन)। बीस फरवरी को अहमदाबाद से लौटने के बाद रहस्यमयी तरीके से लापता हुए एक युवक का मंगलवार को दर्दनाक अंत हो गया। लापता युवक की लाश बागजणा गांव के पास ही एक बंद पड़ी माइंस में मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
अहमदाबाद से लौटा, घर पहुँचने से पहले हुआ लापता
करेड़ा थाने के सहायक उप निरीक्षक रेवत सिंह ने बताया कि बागजणा निवासी विनय चावला (24) पुत्र डालू खटीक पिछले कुछ समय से अहमदाबाद में रह रहा था। 19 फरवरी को वह बस से अपने गांव के लिए रवाना हुआ और 20 फरवरी की सुबह 10 बजे चितांबा पहुँच गया था। विनय ने अपने परिजनों को फोन कर सूचना दी थी कि वह शाम तक घर पहुँच जाएगा। लेकिन जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।
22 फरवरी को दर्ज हुई थी गुमशुदगी
परिजनों ने विनय की हर संभावित जगह तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद 22 फरवरी को विनय के भाई राजमल ने करेड़ा थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे।
खदान में बलाई डालकर ढूंढा, तो मिली लाश
मंगलवार को तलाश के दौरान परिजन बागजणा के पास स्थित बंद पड़ी श्री स्टोन माइंस पर पहुँचे। वहां पानी से भरी खदान में शक होने पर परिजनों ने बलाई (कांटा) डालकर तलाश शुरू की, तो विनय का शव ऊपर आ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर राजकीय अस्पताल पहुँचाया।
24 घंटे पुराना बताया जा रहा शव, जांच जारी
एएसआई रेवत सिंह के अनुसार, शव करीब 24 घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। युवक की मौत माइंस में गिरने से हुई या इसके पीछे कोई और कारण है, पुलिस इसकी बारीकी से जांच कर रही है।
