गेहूं की आड़ में अफीम की खेती का पर्दाफाश:: बागौर पुलिस ने खेत से बरामद किए 2635 पौधे, किसान डिटेन
भीलवाड़ा (बीएचएन)। जिले के बागौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए अफीम की खेती का खुलासा किया है। शातिर किसान ने गेहूं की फसल की ओट में अफीम के हजारों पौधे उगा रखे थे, जिन्हें मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जप्त कर लिया है।
गेहूं की फसल के बीच फल-फूल रहा था काला सोना
बागौर थाना पुलिस को मंगलवार दोपहर गुप्त सूचना मिली कि एक खेत में गेहूं की आड़ में प्रतिबंधित अफीम की खेती की जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी भंवर लाल के नेतृत्व में एएसआई गणपत लाल, संजय और रवि की टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस टीम जब खेत के बीच पहुँची, तो वहां गेहूं की खड़ी फसल के बीच अफीम के सैकड़ों लहलहाते पौधे मिले।
किसान हिरासत में
पुलिस ने मौके से किसान बद्रीलाल जाट को हिरासत में ले लिया है। पुलिस टीम ने अवैध रूप से उगाए गए अफीम के पौधों को कटवाकर उनकी गिनती करवाई, जो कुल 2635 पौधे पाए गए। पुलिस ने इन सभी पौधों को जप्त कर लिया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही शुरू
थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल मौके पर पुलिस की कार्यवाही जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी पिछले कितने समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त था और इसके तार किन अन्य तस्करों से जुड़े हुए हैं।