होली से पहले मिलावटखोरों पर 'सर्जिकल स्ट्राइक':: खाद्य विभाग ने 3 स्थानों पर दी दबिश, 45 किलो अवधिपार सामग्री करवाई नष्ट
भीलवाड़ा (बीएचएन)। आगामी होली के त्योहार को देखते हुए आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस कार्यवाही के दौरान तीन अलग-अलग प्रतिष्ठानों से नमूने लिए गए और बड़ी मात्रा में एक्सपायरी डेट का सामान नष्ट करवाया गया।
माण्डलगढ़ और बीगोद में टीम की छापेमारी
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने माण्डलगढ़ और बीगोद कस्बे में औचक निरीक्षण किया। टीम ने त्रिवेणी चौराहा स्थित 'मैसर्स भवानी, जोधपुर स्वीट' से बर्फी का नमूना लिया। वहीं, बस स्टैंड रोड स्थित 'मैसर्स भगवान ट्रेडर्स' से कच्ची घानी सरसों के तेल (ट्रेन मार्का) का सैंपल लिया गया। यहाँ टीम को बड़ी लापरवाही मिली, जिस पर 40 किलोग्राम अवधिपार (एक्सपायरी) खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इसके अलावा, बीगोद के पुराना हॉस्पिटल रोड स्थित 'नमोकार ट्रेडर्स' से लाल मिर्च का नमूना लिया गया और वहाँ से 5 किलोग्राम अवधिपार चॉकलेट जप्त कर नष्ट करवाई गई।
सैंपल फेल होने पर दर्ज होगा मुकदमा
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि सभी जप्त नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए अजमेर भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मिलावट पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन के दौरान विभाग की यह निगरानी लगातार जारी रहेगी।
मिलावट की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन जारी
इस कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव, राजवीर सिंह चारण, अंकित शर्मा, फहद खान, डॉ. गोवर्धन लाल कुम्हार और पवन कुमार शामिल रहे। सीएमएचओ ने आमजन से अपील की है कि सामान खरीदते समय निर्माण और समाप्ति तिथि अवश्य देखें। मिलावट की आशंका होने पर विभाग के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर तुरंत सूचित करें।