लुटेरों ने फिर दी पुलिस को चुनौती:: बुजुर्ग महिला की नाक से सोने की नथ झपटी, विरोध न कर सकें इसलिए कमरे के बाहर लगा दी कुंडी
भीलवाड़ा (बीएचएन)। जिले में बेखौफ लुटेरों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक के बाद एक वारदातों को अंजाम देकर बदमाशों ने न केवल पुलिस की गश्त व्यवस्था की पोल खोल दी है, बल्कि खाकी को खुली चुनौती भी दी है। ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के सिदडिय़ास गांव का है, जहां लुटेरों ने एक बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बनाकर उनके नाक से सोने की नथ लूट ली। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में दहशत और भारी आक्रोश व्याप्त है।
सुनियोजित साजिश: बल्ली लगाकर छत से घुसे, कमरे को किया बाहर से बंद
सिदडिय़ास निवासी पीड़ित महिला चांदू देवी (65) के बेटे देवबक्ष गाडरी ने बताया कि बदमाशों ने इस वारदात को बेहद शातिर तरीके से अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले लकड़ी की बल्ली (सीढ़ी) की मदद से घर की छत पर चढ़ाई की और घर के भीतर दाखिल हुए। वारदात के दौरान कोई बाधा न आए, इसके लिए बदमाशों ने कमरे के भीतर सो रहे देवबक्ष के दरवाजे की बाहर से कुंडी लगा दी, ताकि जागने पर भी वह बाहर न निकल सके और लुटेरे आसानी से हाथ साफ कर सकें।
बुजुर्ग को बनाया निशाना, नथ लूटकर हुए चंपत
इसके बाद लुटेरों ने मकान के बरामदे में सो रही वृद्ध चांदू देवी को अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने सोते समय उन पर हमला कर नाक में पहनी करीब 12 ग्राम वजनी सोने की नथ झपट ली। अचानक हुए हमले और दर्द से कराहती बुजुर्ग महिला की चीख सुनकर जब तक परिजन बाहर आने की कोशिश करते, लुटेरे अंधेरे का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गए।
आये दिन लूट, पुलिस नहीं हो रही गंभीर: ग्रामीणों में आक्रोश
घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब मोबाइल टावर लोकेशन और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर जांच कर रही है। हालांकि, हाल के दिनों में कोटड़ी, बीगोद, मांडल, आसींद और शहर के भीमगंज थाना इलाकों में हुई इसी तरह की वारदातों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस इन वारदातों को गंभीरता से नहीं ले रही है, जिसके कारण बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।