बारां। राजस्थान के बारां जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और पटाखों को जब्त किया है। अटरू-बारां रोड स्थित मण्डोला के पास फर्म आर. डी. ब्रदर्श के तीन गोदामों में छापेमारी के दौरान करीब 40 करोड़ रुपये मूल्य के पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि 20 फरवरी को सूचना मिली थी कि उक्त गोदामों में अवैध विस्फोटक सामग्री और अत्यधिक मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों के जीवन को गंभीर खतरा हो सकता है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के निर्देशन तथा डीएसपी हरीराम सोनी के सुपरवीजन में कोतवाली थाना प्रभारी भजनलाल आरपीएस (प्रोबेशन) और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान गोदामों में बड़ी मात्रा में अवैध पटाखों का भंडारण और पटाखा निर्माण में प्रयुक्त सामग्री पाई गई। इसकी सूचना नगर परिषद आयुक्त और जिला प्रशासन को दी गई। इसके बाद नगर परिषद, उप जिला कलेक्टर तथा गठित जांच दल ने मौके पर पहुंचकर अटरू रोड स्थित तीनों गोदामों का निरीक्षण किया। भारी मात्रा में अवैध भंडारण और निर्माण सामग्री मिलने पर नगर परिषद आयुक्त ने तीनों गोदामों को सील कर दिया।
नगर परिषद आयुक्त द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्र के आधार पर फर्म आर. डी. ब्रदर्श के विरुद्ध अवैध भंडारण, विस्फोटक निर्माण सामग्री रखने और गोदामों में अग्निशमन सुरक्षा उपकरण नहीं होने के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 तथा विस्फोटक अधिनियम 1984 की धारा 5 व 9(ख) के तहत कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज किया गया।
इसके बाद 21 और 22 फरवरी 2026 को नगर परिषद टीम, बीडीएस, एफएसएल, अग्निशमन दल और सुरक्षा उपकरणों की मौजूदगी में तीनों सीलशुदा गोदामों में जब्ती की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान गोदामों की छत और लोहे की टीनों पर भारी मात्रा में नीले रंग के सूतली बम सूखने के लिए रखे मिले, जिन्हें कट्टों में भरा गया।
तीनों गोदामों से करीब 1350 सफेद कट्टे मिले, जिनमें नीले, लाल और बिना रंग के सूतली बम भरे थे। इनका वजन लगभग 338 क्विंटल पाया गया। इसके अलावा करीब 5500 कार्टून पटाखों से भरे मिले, जिनका वजन लगभग 1918 क्विंटल रहा।
पटाखा निर्माण में प्रयुक्त पोटेशियम नाइट्रेट, सल्फर, चारकोल पाउडर, एल्युमिनियम पाउडर, नीला थोथा, मिश्रित विस्फोटक पदार्थ और फॉस्फेट के कट्टे भी बरामद हुए, जिनका कुल वजन लगभग 12 क्विंटल है। इसके अतिरिक्त करीब 130 बोरी जर्दा, जिनका वजन लगभग 45 क्विंटल है, भी गोदामों से मिला। पटाखों में प्रयुक्त होने वाली लाल बत्ती के 20 बंडल, पैकिंग मशीन, विभिन्न लेबल और पैकिंग सामग्री भी जब्त की गई।
एसपी ने बताया कि तीनों गोदामों में जब्त विस्फोटक सामग्री का कुल वजन करीब 2 लाख 31 हजार 300 किलोग्राम है। बरामद अवैध विस्फोटक निर्माण सामग्री और पटाखों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 40 करोड़ रुपये आंकी गई है। फर्म आर. डी. ब्रदर्श के विरुद्ध दर्ज मामले की जांच किशनगंज थाना प्रभारी रमेशचंद मेरोठा द्वारा की जा रही है।
