भीषण हादसा: नाचना-अहमदाबाद ट्रेवल बस में लगी आग, यात्री ने कूदकर बचाई जान; एक गंभीर
धानेरा। जैसलमेर के नाचना से अहमदाबाद जा रही एक निजी ट्रेवल बस गुजरात के धानेरा के समीप आग का गोला बन गई। शुक्रवार तड़के हुए इस भीषण हादसे में एक यात्री बुरी तरह झुलस गया, जिसे गंभीर अवस्था में पालनपुर रेफर किया गया है। बस में सवार अन्य 16 यात्रियों ने इमरजेंसी गेट से कूदकर जैसे-तैसे अपनी जान बचाई, हालांकि उनका सारा सामान जलकर राख हो गया।
नींद में थे यात्री, AC शॉर्ट सर्किट बना कारण
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। उस वक्त बस में सवार सभी यात्री गहरी नींद में थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस के एयर कंडीशनर (AC) में शॉर्ट सर्किट होने के कारण अचानक चिंगारी उठी और देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।
मची अफरा-तफरी, कीमती सामान स्वाहा
आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बस के भीतर चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए यात्रियों ने इमरजेंसी गेट का सहारा लिया और नीचे कूदे। इस अफरा-तफरी में एक यात्री आग की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। उसे धानेरा के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे पालनपुर रेफर कर दिया।
स्वागत ट्रेवल्स के संचालक निर्मल रैयानी ने बताया कि यह बस सेवा हाल ही में शुरू की गई थी। आग इतनी विकराल थी कि यात्रियों के मोबाइल, कीमती दस्तावेज और सारा सामान जल गया है, जिससे उनके परिजनों से संपर्क करने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेवल्स टीम मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटी है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
