भीलवाड़ा। शाहपुरा क्षेत्र में एक निजी क्लिनिक पर उपचार के दौरान इंजेक्शन लगाने से एक महिला की मृत्यु हो जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने क्लिनिक का घेराव कर दिया, जिससे कस्बे में तनाव की स्थिति बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाडरी खेड़ा निवासी एक महिला को अस्वस्थ होने पर उपचार के लिए स्थानीय क्लिनिक लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि क्लिनिक पर चिकित्सक द्वारा इंजेक्शन लगाने के कुछ ही समय बाद महिला की तबीयत बिगडऩे लगी और देखते ही देखते उसने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और क्लिनिक के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
परिजनों ने क्लिनिक संचालक पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने समझाइश के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है।