राज्यसभा में उठा मोबाइल रिचार्ज का मुद्दा: 'इनकमिंग कॉल' बंद करना मौलिक अधिकार का हनन, 28 दिन की वैधता पर भी बरसे सांसद

Update: 2026-03-11 14:00 GMT


नई दिल्ली : राज्यसभा में बुधवार को मोबाइल ऑपरेटरों की मनमानी और रिचार्ज खत्म होते ही इनकमिंग कॉल बंद किए जाने का मामला गरमाया। आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे को उठाते हुए इसे 'संचार के अधिकार' का उल्लंघन बताया और सरकार से सख्त नियम बनाने की मांग की।

इनकमिंग कॉल की गारंटी और 3 साल की वैधता की मांग

राघव चड्ढा ने सदन में कहा कि मोबाइल आज जीवनरेखा बन चुका है, लेकिन कंपनियां रिचार्ज खत्म होते ही इनकमिंग सेवाएं बंद कर देती हैं, जिससे फोन पूरी तरह ठप हो जाता है। उन्होंने मांग की कि:

अंतिम रिचार्ज के बाद कम से कम तीन साल तक इनकमिंग सुविधा अनिवार्य की जाए।

केवल इनकमिंग कॉल के लिए सस्ता और किफायती प्लान लाया जाए।

बंद हो चुके सिम नंबर को तीन साल तक किसी अन्य व्यक्ति को आवंटित न किया जाए।

महीना 28 का नहीं, 30 दिन का हो

सांसद ने मोबाइल कंपनियों द्वारा महीने के नाम पर केवल 28 दिन का रिचार्ज देने की व्यवस्था पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने मांग की कि रिचार्ज की अवधि को बढ़ाकर पूरे 30 दिन किया जाए ताकि उपभोक्ताओं को साल में एक अतिरिक्त रिचार्ज का आर्थिक बोझ न झेलना पड़े।

माता-पिता के निधन पर 'सवैतनिक शोक अवकाश' की उठी मांग

सदन में भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने निजी क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए एक संवेदनशील मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि माता-पिता के निधन पर कर्मचारियों को सवैतनिक शोक अवकाश (Paid Bereavement Leave) मिलना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि शास्त्रों में अंतिम संस्कार और सेवा को अनिवार्य धर्म बताया गया है, ऐसे में यह कर्मचारी का मौलिक अधिकार है कि उसे इस दुखद घड़ी में अर्जित अवकाश (Earned Leave) के बजाय विशेष अवकाश मिले।

शून्यकाल के अन्य प्रमुख मुद्दे:

अशोक कुमार मित्तल (AAP): विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी और दक्षिण पूर्व एशिया में बंधक बने भारतीयों के लिए 'ग्लोबल प्रोटोकॉल' बनाने की मांग की।

रामजी लाल सुमन (SP): स्कूली पाठ्यक्रम में 'भारतीय संविधान' को एक अनिवार्य विषय के रूप में शामिल करने का सुझाव दिया।

नीरज डांगी (Congress): रैलियों और कार्यक्रमों के लिए मैदानों में हर बार अस्थायी ढांचों पर होने वाले करोड़ों के खर्च को रोकने के लिए वहां स्थायी संरचनाएं बनाने की मांग की।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Similar News