गैस संकट की आहट: अब 12 से ज्यादा नहीं मिलेंगे सिलेंडर, 25 दिन का गैप अनिवार्य
भीलवाड़ा : अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध के हालातों और तनाव का सीधा असर अब भीलवाड़ा जिले के रसोई घरों तक पहुंच गया है। गैस कंपनियों ने एलपीजी सप्लाई और बुकिंग के नियमों में भारी सख्ती कर दी है, जिससे जिले के हजारों घरेलू उपभोक्ताओं और व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
नया नियम: 13वां सिलेंडर अब सपना, बुकिंग में 25 दिन का अंतर
गैस कंपनियों द्वारा जारी नए निर्देशों के अनुसार, अब एक वित्तीय वर्ष में घरेलू उपभोक्ताओं को निर्धारित 12 सिलेंडर का कोटा पूरा होने के बाद 13वां सिलेंडर किसी भी सूरत में नहीं मिलेगा। इसके साथ ही, एक सिलेंडर लेने के बाद अगली बुकिंग के लिए अब कम से कम 25 दिन का अंतराल अनिवार्य कर दिया गया है। इस फैसले से उन परिवारों की चिंता बढ़ गई है जिनके यहां गैस की खपत अधिक है।
ई-केवाईसी और डीएसी ओटीपी के बिना नहीं मिलेगा चूल्हा जलाने को ईंधन
कंपनियों ने पारदर्शिता के नाम पर नियमों को और कड़ा करते हुए ई-केवाईसी (e-KYC) और डीएसी ओटीपी (DAC OTP) सत्यापन को अनिवार्य कर दिया है। अब बिना ई-केवाईसी अपडेट किए और डिलीवरी के समय ओटीपी साझा किए बिना सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। हालांकि कंपनियां इसे पारदर्शिता कह रही हैं, लेकिन भीलवाड़ा के ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले आम लोगों के लिए यह डिजिटल प्रक्रिया बड़ी चुनौती बन सकती है।
उपभोक्ताओं में अफरा-तफरी, एजेंसियों पर उमड़ी भीड़
जैसे ही इन सख्त नियमों की खबर फैली, शहर से लेकर गांवों तक उपभोक्ताओं में अफरा-तफरी मच गई। गैस एजेंसियों के दफ्तरों और ऑनलाइन पोर्टल्स पर बुकिंग के लिए भारी भीड़ देखी जा रही है। लोगों में डर है कि आने वाले समय में सप्लाई और कम हो सकती है या कीमतें आसमान छू सकती हैं। इसी आशंका के चलते उपभोक्ता अपना कोटा सुरक्षित करने की आपाधापी में जुटे हैं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
