बड़ी साजिश का पर्दाफाश:: खाटू श्याम मंदिर समेत कई धार्मिक स्थल थे निशाने पर, पाकिस्तान भेजी जा रही थी तस्वीरें

Update: 2026-03-19 08:22 GMT

 गाजियाबाद/जयपुर । पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करने वाले गिरोह के पकड़े जाने के बाद चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। गाजियाबाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की जांच में सामने आया है कि जासूसी के आरोपियों के मोबाइल से राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के फोटो और वीडियो बरामद हुए हैं। जांच में पुष्टि हुई है कि ये तमाम संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान भेजी जा रही थीं।

सैन्य ठिकानों के बाद अब धार्मिक स्थल रडार पर

शुरुआती जांच में जहां केवल सैन्य ठिकानों और रेलवे स्टेशनों की रेकी की बात सामने आई थी, वहीं अब इस साजिश के तार धार्मिक स्थलों से भी जुड़ गए हैं। सूत्रों के अनुसार, आरोपियों के पास से 100 से अधिक महत्वपूर्ण स्थानों की तस्वीरें और लोकेशन मिली हैं। इनमें राजस्थान के जयपुर और जोधपुर जैसे प्रमुख शहरों के रेलवे स्टेशनों और प्रसिद्ध मंदिरों की रेकी की गई थी। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह देश के भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों पर किसी बड़ी आतंकी साजिश का हिस्सा हो सकता है।

पाकिस्तान से मिल रहे थे निर्देश, व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े थे तार

इस मामले में कौशांबी थाना पुलिस ने 14 मार्च को छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि ये सभी आरोपी 'सरदार उर्फ सरफराज' नाम के व्यक्ति के संपर्क में थे, जो पाकिस्तान से एक व्हाट्सएप ग्रुप संचालित कर रहा था। मोबाइल के आईपी एड्रेस से सरफराज के पाकिस्तान में होने की पुष्टि हुई है। इस ग्रुप में मलेशिया और यूके के कुछ संदिग्ध नंबर भी जुड़े होने की बात सामने आई है, जिनकी गहनता से जांच की जा रही है।

मुंबई से गिरफ्तार हुआ मुख्य कड़ी, पाकिस्तान से आ रहे थे रुपये

जांच में एक और अहम खुलासा हुआ है कि 'दुर्गेश' नाम के व्यक्ति के बैंक खाते में पाकिस्तान के हैंडलर द्वारा मोटी रकम भेजी गई थी। दुर्गेश को मुंबई से हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है। पकड़े गए आरोपियों के डिजिटल डिवाइस से दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के भी कई संवेदनशील वीडियो और लोकेशन मिले हैं। खुफिया एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Similar News