दोस्ती के नाम पर दरिंदगी:: हिस्ट्रीशीटर ने युवती को नशीला पदार्थ पिलाकर किया बलात्कार, शादी का झांसा देकर फंसाया
अजमेर । अजमेर में दोस्ती और विश्वास को तार-तार करने वाला एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहाँ एक हिस्ट्रीशीटर ने युवती से दोस्ती गांठने के मात्र चार दिन बाद ही उसे नशीला पदार्थ पिलाकर अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी ने खुद के शादीशुदा होने की बात छिपाकर पीड़िता को अपनी पत्नी को तलाक देने और उससे शादी करने का झूठा झांसा भी दिया।
पार्टी के बहाने बुलाया और होटल में किया देह शोषण
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़िता की मुलाकात 1 जनवरी को अपनी एक सहेली के माध्यम से मनीष उर्फ मोंटी से हुई थी। 4 जनवरी को मनीष ने उसे अपने दोस्तों की एक पार्टी में आमंत्रित किया। आरोप है कि पार्टी के दौरान मनीष ने युवती को नशीला पदार्थ पिला दिया, जिससे वह बेसुध हो गई। इसके बाद आरोपी उसे एक होटल में ले गया, जहाँ विरोध के बावजूद उसने युवती के साथ बलात्कार किया। जब पीड़िता को होश आया, तो आरोपी ने शादी का वादा कर उसे शांत कर दिया।
शादी का झांसा देकर जयपुर में भी की ज्यादती
पीड़िता ने बताया कि कुछ समय बाद उसे मनीष के पहले से विवाहित होने की जानकारी मिली। विरोध करने पर आरोपी ने दावा किया कि वह अपनी पत्नी को तलाक देकर जल्द ही उससे शादी कर लेगा। करीब एक माह पूर्व, आरोपी युवती को जयपुर ले गया, जहाँ उसने अपनी सहेली के फ्लैट पर शादी की बात दोहराते हुए फिर से देह शोषण किया। इसके बाद आरोपी ने अचानक पीड़िता से संपर्क तोड़ लिया, जिससे आहत होकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।
पुलिस जांच में हिस्ट्रीशीटर निकला आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि आरोपी मनीष उर्फ मोंटी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल मुआयना करवाया है और एफएसएल (FSL) टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।