रफ्तार का कहर:: भीलवाड़ा में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत
भीलवाड़ा (बीएचएन)। सुभाषनगर थाना इलाके में मंगलवार रात रफ्तार के जुनून ने एक और हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया। केशव हॉस्पिटल के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
गांव लौटते समय काल बनी कार
सुभाषनगर थाने के सहायक उप निरीक्षक परसराम ने बताया कि आसींद थाना क्षेत्र के बिजेठा गांव निवासी फौजीराम (27) पुत्र सोनीराम भील मंगलवार रात बाइक से भीलवाड़ा से अपने पैतृक गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान केशव हॉस्पिटल के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि फौजीराम उछलकर काफी दूर जा गिरा और उसे सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने घायल फौजीराम को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के पिता सोनीराम भील की रिपोर्ट पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है।