रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा:: ओवरब्रिज पर पलटा तेल टैंकर, 200 मीटर तक फैली आग की लपटें, एक जिंदा जला
जालोर/सांचौर (बीएचएन)। जालोर जिले के सिवाड़ा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-68 पर बुधवार दोपहर करीब 2 बजे एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। बाड़मेर से सांचौर की ओर जा रहा एक तेल टैंकर ओवरब्रिज पर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके तुरंत बाद उसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते हाईवे पर करीब 200 मीटर के दायरे में लपटें फैल गईं, जिससे पूरे इलाके में कोहराम मच गया।
केबिन में फंसे व्यक्ति की दर्दनाक मौत
इस भयावह अग्निकांड में टैंकर सवार एक व्यक्ति को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वह वाहन के भीतर ही जिंदा जल गया। वहीं, दूसरा व्यक्ति समय रहते बाहर कूदने में सफल रहा, जिससे उसकी जान बच गई। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों में दहशत फैल गई और हाईवे पर यातायात थम गया।
प्रशासन और फायर ब्रिगेड की मशक्कत
हादसे की सूचना मिलते ही सांचौर एसडीएम प्रमोद कुमार और सिवाड़ा चौकी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। सांचौर और आसपास के क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल कर्मियों ने भारी जोखिम उठाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। एहतियात के तौर पर हाईवे के एक हिस्से को पूरी तरह सील कर दिया गया ताकि कोई और वाहन इसकी चपेट में न आए।
गुजरात नंबर का था टैंकर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टैंकर गुजरात पासिंग नंबर का है और संभवतः भारत पेट्रोलियम से जुड़ा हुआ था। टैंकर में भरे ज्वलनशील पदार्थ की प्रकृति की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस प्रशासन अब मृतक की पहचान करने और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच में जुटा है।