रसद विभाग की कार्रवाई- घरेलू गैस का 'काला खेल' उजागर; कलक्टर के आदेश पर छापेमारी, हडक़ंप
भीलवाड़ा (बीएचएन)। जिला कलक्टर के आदेश से जिले में एलपीजी गैस के दुरुपयोग के खिलाफ रसद विभाग का अभियान जारी है। बुधवार को फूलियाकलां कस्बे में रसद विभाग की टीम ने अचानक कार्रवाई कर घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग कर रहे दुकानदारों पर कार्रवाई की। इस बड़ी कार्रवाई से पूरे कस्बे के व्यावसायिक हलकों में हडक़ंप मच गया । कई दुकानदारों ने कार्रवाई की भनक लगते ही सिलेंडर को सुरक्षित स्थानों पर रख दिया या शटर गिराकर निकल गए।
तीन ठिकानों पर 'सर्जिकल स्ट्राइक'
जिला रसद प्रवर्तन अधिकारी मीनाक्षी मीणा और एसडीएम ओमप्रकाश की संयुक्त टीम ने फूलियाकलां बस स्टैंड क्षेत्र को निशाने पर लिया। टीम ने कचोरी,मिठाई शॉप और कैफे पर छापेमारी की। जांच के दौरान इन प्रतिष्ठानों पर नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए धड़ल्ले से घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो न केवल अवैध है बल्कि सुरक्षा के लिहाज से एक बड़े खतरे को दावत दे रहा था।
5 सिलेंडर जब्त, नियमों की उड़ी धज्जियां
रसद विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 5 घरेलू गैस सिलेंडरों को रंगे हाथों जब्त कर लिया। अधिकारियों ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि एलपीजी (नियमन) आदेश 2000 के तहत यह एक गंभीर अपराध है। जब्त सिलेंडरों के मालिकों के खिलाफ अब कठोर कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर ली गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि गरीबों के हक की रसोई गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
चेतावनी: अब खैर नहीं!
रसद विभाग ने व्यापारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे तुरंत प्रभाव से घरेलू गैस का उपयोग बंद कर दें, अन्यथा आक्रामक रूप अख्तियार किया जायेगा।