सनसनीखेज:: जिस कुएं ने ली थी भाई की जान, उसी ने निगल ली मासूम बहन; हत्या या हादसा? सहमें ग्रामीण

Update: 2026-04-05 14:23 GMT

भीलवाड़ा (प्रेमकुमार गढ़वाल)। भीलवाड़ा जिले से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। रायला थाना क्षेत्र के नया खेड़ा गांव में रविवार को एक 4 साल की मासूम बच्ची 'दिया' की लाश उसी मनहूस कुएं में मिली, जिसने महज कुछ महीने पहले उसके सगे भाई को मौत की नींद सुला दिया था। एक ही परिवार के दो चिरागों का एक ही कुएं में बुझ जाना क्या महज इत्तेफाक है या कोई गहरी साजिश? इस सवाल ने पूरे गांव में दहशत और आक्रोश पैदा कर दिया है।

मां-बाप अस्पताल में, पीछे से उजड़ गई दुनिया

घटना उस वक्त की है जब बदकिस्मत पिता कैलाश खारोल अपनी पत्नी के ऑपरेशन को लेकर भीलवाड़ा के एक अस्पताल गए हुए थे। घर पर 4 साल की दिया अपनी दादी के पास थी। मासूम घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक ओझल हो गई। जब काफी देर तक वह नजर नहीं आई, तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

400 मीटर दूर 'मौत के कुएं' में मिला शव

तलाशी के दौरान घर से करीब 400 मीटर दूर खेतों के बीच स्थित एक बिना मुंडेर के कुएं में दिया का बेजान शरीर तैरता मिला। यह कुआं दिया के चाचा ने हिस्से (साझे) पर ले रखा था। जैसे ही मासूम का शव बाहर निकाला गया, परिजनों के करुण क्रंदन से पूरा इलाका दहल उठा।

संयोग या साजिश? ग्रामीणों ने उठाए गंभीर सवाल

यह मामला साधारण हादसा इसलिए नहीं लग रहा क्योंकि ठीक 5 महीने पहले कैलाश के 6 वर्षीय बेटे देवराज की मौत भी इसी कुएं में गिरने से हुई थी। एक ही कुएं में एक के बाद एक दो बच्चों की मौत ने ग्रामीणों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। क्या बच्चों का वहां तक अकेले जाना मुमकिन था? क्या किसी ने जानबूझकर उन्हें मौत के मुंह में धकेला?आखिर बिना मुंडेर का यह कुआं कब तक मासूमों की बलि लेता रहेगा?

"दो मासूमों की जान चली गई, यह कोई सामान्य बात नहीं है। पुलिस को हर एंगल से जांच करनी चाहिए। हमें न्याय चाहिए!" – आक्रोशित ग्रामीण

पुलिस की कार्रवाई और जांच का आश्वासन

रायला थाना अधिकारी मूलचंद वर्मा ने बताया कि शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों द्वारा मामले को संदिग्ध बताए जाने पर पुलिस अब गहनता से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह वाकई एक हादसा है या इसके पीछे कोई रंजिश या सोची-समझी साजिश छिपी है।

Similar News

​भीलवाड़ा : रसोई घर में 'आग का तांडव': सिलेंडर बना आग का गोला, पंडेर पुलिस की जांबाजी से टला भीषण हादसा

आस्था की दहलीज पर थम गई सांसें:: बीमारी से जंग लड़ रही जमना ने माता के दर पर तोड़ा दम