रेत माफिया का दुस्साहस: वन आरक्षक को ट्रैक्टर से कुचला, मौके पर ही हुई दर्दनाक मौत
मुरैना/दिमनी (मप्र)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहाँ बेखौफ रेत माफिया ने कर्तव्य पालन कर रहे एक वन आरक्षक की वाहन से कुचलकर हत्या कर दी। यह वारदात उस समय हुई जब वन विभाग की टीम अवैध खनन के खिलाफ गश्त कर रही थी। माफिया ने न केवल विभाग की चेतावनी को अनसुना किया, बल्कि पकड़ने की कोशिश करने पर आरक्षक के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया और मौके से फरार हो गया।
चेतावनी देकर आरक्षक पर चढ़ा दिया ट्रैक्टर
यह पूरा मामला दिमनी थाना इलाके के राष्ट्रीय राजमार्ग 552 का है। जानकारी के अनुसार, चंबल नदी के ऐसाह घाट से रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा था। सूचना मिलने पर अंबाह रेंज का गश्ती दल तड़के कार्रवाई के लिए निकला। रथोल का पुरा और रानपुर के बीच जब वन आरक्षक हरिकेश गुर्जर ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने आरक्षक को कुचलते हुए वाहन दौड़ा दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि हरिकेश गुर्जर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हाल ही में अंबाह रेंज में हुए थे पदस्थ
मृतक आरक्षक हरिकेश गुर्जर मूल रूप से मुरैना जिले के सरायछोला थाना क्षेत्र के जनकपुर गांव के रहने वाले थे। वे कुछ समय पहले ही दूसरे जिले से स्थानांतरित होकर अंबाह रेंज में पदस्थ हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के आला अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है, जहाँ परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आरोपी की पहचान, जल्द होगी गिरफ्तारी
मुरैना एएसपी सुरेंद्र पाल सिंह डाबर ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच की है। फॉरेस्ट टीम अपनी बीट में गश्त पर थी, तभी अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने के दौरान यह दुखद हादसा हुआ। पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।