भूकंप के झटके: घरों से बाहर निकले लोग, रिक्टर स्केल पर 3.4 रही तीव्रता
बड़वानी (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में बुधवार को भूकंप के झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। जिले के अंजड़ थाना इलाके के मोहिपुरा गांव और आसपास के क्षेत्रों में धरती हिलने से हड़कंप मच गया। लोग डर के मारे अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह है कि इस भूकंप से किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली है।
दोपहर 12:48 पर डोली धरती
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12 बजकर 48 मिनट पर अचानक कंपन महसूस हुआ। स्थानीय निवासी अभिषेक कुमार ने बताया कि वे घर में लेटे हुए थे, तभी अचानक बेड और छत का पंखा हिलने लगा। शोर मचते ही पूरे गांव के लोग खुले मैदान की ओर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि झटके करीब 2 मिनट तक महसूस किए गए, जिससे घरों में रखे बर्तन और फर्नीचर भी हिलने लगे थे।
उज्जैन से 178 किमी दूर था केंद्र
भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3.4 मापी गई है। इसका केंद्र उज्जैन से 178 किलोमीटर दूर दक्षिण-पश्चिम दिशा में जमीन के भीतर स्थित था। यह स्थान गुजरात के सूरत से 217 किमी और महाराष्ट्र के नासिक से 232 किमी की दूरी पर स्थित है। भूकंप केंद्र के ऑपरेटर हुकुम कुमार ने पुष्टि की है कि अंजड़ क्षेत्र में जमीनी हलचल दर्ज की गई है।
सावधानी बरतने की सलाह
भूकंप की पुष्टि होते ही प्रशासनिक अधिकारी भी सतर्क हो गए हैं। हालांकि तीव्रता कम होने के कारण कोई बड़ी क्षति नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जिले के अन्य हिस्सों में भी हल्के कंपन की सूचना मिली है।