अवैध खनन पर शक्करगढ़ पुलिस का प्रहार: पत्थरों से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक फरार
भीलवाड़ा (बीएचएन)। जिले की शक्करगढ़ थाना पुलिस ने अवैध पत्थर खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पत्थरों से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है, जिन्हें अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था।
पहाड़ी काटकर हो रहा था अवैध खनन
शक्करगढ़ थाने के दीवान ताराचंद ने जानकारी दी कि पुलिस को पिछले कुछ समय से आमल्दा क्षेत्र में पहाड़ी काटकर अवैध रूप से पत्थर खनन किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम ने आज आमल्दा क्षेत्र में दबिश दी।
पुलिस को देख भागे चालक
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से पत्थर से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को घेराबंदी कर पकड़ा। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रास्ते में ही छोड़कर जंगलों और पहाड़ी का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और अज्ञात चालकों व मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
खनन माफियाओं में हड़कंप
पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध खननकर्ताओं और परिवहन करने वालों में खलबली मच गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध उत्खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।