डकैती और हत्या मामले में जमानत के बाद फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार, दो साल से पुलिस को थी तलाश

Update: 2026-04-09 07:20 GMT

 भीलवाड़ा हलचल। डकैती के साथ हत्या और षड्यंत्र जैसे गंभीर मामले में जमानत मिलने के बाद से लगातार फरार चल रहे एक आरोपित को करेड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपित पिछले दो साल से अदालत की तारीख पेशी से नदारद था, जिसके बाद कोर्ट ने उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया था।

षड्यंत्र और गंभीर वारदात का है मामला

करेड़ा थाना प्रभारी पूरणमल मीणा ने बताया कि राजू उर्फ राजेश रैगर (32) पुत्र गोपीलाल रैगर के खिलाफ करीब तीन-चार साल पहले डकैती, हत्या और आपराधिक षड्यंत्र रचने का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में पुलिस ने उसे पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन बाद में अदालत से उसे जमानत मिल गई थी।

तारीख पेशी से था अनुपस्थित, पुलिस ने दबोचा

जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपित राजू रैगर ने कानून से दूरी बना ली और लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था। बार-बार पेशी पर अनुपस्थित रहने के कारण अदालत ने उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया था। पुलिस की टीम आरोपित की तलाश में जुटी थी और पुख्ता सूचना के आधार पर उसे धर दबोचा गया। पुलिस अब आरोपित को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।

Similar News