भीलवाड़ा: वाटिका में चौकीदार ने लगाया फंदा, कोटा का रहने वाला था युवक; दो दिन पहले ही गांव गई थी पत्नी
भीलवाड़ा। शहर की एक कॉलोनी में चौकीदारी करने वाले कोटा निवासी एक युवक ने शनिवार दोपहर अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सुभाषनगर थाना क्षेत्र की मारुति कॉलोनी स्थित तिरंगा वाटिका की है। पुलिस के अनुसार, युवक की पत्नी दो-तीन दिन पहले ही अपने गांव गई थी, जिसके बाद से वह अकेला ही रह रहा था।
कमरे में पंखे से झूला युवक
सुभाषनगर थाने के सहायक उप निरीक्षक ओमप्रकाश सेन ने बताया कि कोटा के अनंतपुरा निवासी अशोक माली (पुत्र भवानीशंकर माली) पिछले दो माह से भीलवाड़ा की मारुति कॉलोनी स्थित तिरंगा वाटिका में रह रहा था। शनिवार सुबह करीब आठ बजे वह मेवाड़ मिल की कॉलोनी में चौकीदारी की ड्यूटी पूरी कर अपने कमरे पर लौटा था। इसके बाद उसने कमरे में पंखे पर रस्सी का फंदा डाला और उस पर झूल गया।
वाटिका मालिक को दी सूचना
घटना का पता तब चला जब रितेशपुरी नामक युवक ने अशोक को फंदे से झूलता देखा। उसने तुरंत वाटिका मालिक विक्रम सनाढ्य को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और मामले की जानकारी जुटाई।
परिजनों की शव लेने से आनाकानी
पुलिस ने मृतक के भाई दीपक, जो टेम्पो चालक है, और उसके पिता से संपर्क किया। हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार परिजन शव लेने भीलवाड़ा आने में आनाकानी कर रहे हैं। पुलिस उन्हें समझाइश कर बुलाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।