बिहार के कटिहार में भीषण सड़क हादसा: बस, ट्रक और पिकअप की टक्कर में 10 श्रद्धालुओं की मौत, 25 घायल
कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में शनिवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया, जहां एक तेज रफ्तार बस, ट्रक और पिकअप वैन की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस तिहरे टकराव में 10 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
देवघर से बाबा के दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह भीषण हादसा कोढ़ा प्रखंड स्थित एनएच-31 पर बनगढ़ा चौक के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, पूर्णिया के शोभा गांव से करीब 25 लोग बाबा नगरी देवघर दर्शन के लिए गए थे। पूजा-अर्चना के बाद शनिवार को सभी श्रद्धालु पिकअप वैन से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे कटिहार के गेड़ाबाड़ी के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने पिकअप वैन को सीधी टक्कर मार दी।
नशे में धुत था बस चालक, आदिवासी समुदाय के थे मृतक
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि बस चालक नशे में धुत था और बेहद तेज गति से वाहन चला रहा था। मृतकों में अधिकांश लोग आदिवासी समुदाय के बताए जा रहे हैं, जो झारखंड से धार्मिक अनुष्ठान कर अपने घर पूर्णिया लौट रहे थे। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को तत्काल पूर्णिया मेडिकल कॉलेज भेजा।
पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने व्यक्त किया शोक
इस हादसे पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की और स्थानीय प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।