चित्तौड़गढ़। जिले के कपासन क्षेत्र में शनिवार को एक तालाब से मां और मासूम बेटे के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। 24 वर्षीय महिला और उसके 11 महीने के बच्चे की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों शुक्रवार से लापता थे और परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही पुलिस में दर्ज करा रखी थी।
घटना रंडियारडी रोड पर स्थित तालाब की बताई जा रही है। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब में एक बच्चे का शव तैरता हुआ देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। कपासन थानाधिकारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। नगर पालिका की सहायता से गोताखोरों को बुलाया गया और बच्चे के शव को बाहर निकाला गया।
बाद में पहुंचे परिजनों ने बच्चे की पहचान नवीन प्रतापत पुत्र सुरेश प्रजापति के रूप में की। इसी दौरान तालाब किनारे एक गड्ढे के पास महिला की चप्पल और रुमाल पड़े मिले, जिससे आशंका और गहरा गई कि उसकी मां भी तालाब में हो सकती है। इसके बाद चित्तौड़गढ़ से सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया गया। करीब ढाई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद महिला ममता प्रजापत का शव भी तालाब से बाहर निकाला गया।
मां बेटे के शव निकलते ही मौके पर मौजूद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। महिलाएं एक दूसरे से लिपटकर बिलखती नजर आईं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। थानाधिकारी के अनुसार परिजनों ने बताया था कि ममता शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपने ससुराल से यह कहकर निकली थी कि वह बेटे को मंदिर लेकर जा रही है, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। तलाश के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चल सकेगा।